कानपुर
अवैध कोडीन सिरप तस्करी का भंडाफोड़, 25 हजार का इनामिया धरा गया
कानपुर। नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कानपुर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) एस.के. सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 12 अक्टूबर, 2025 को औषधि निरीक्षक कानपुर नगर और संबंधित विभागों की टीम ने देवनगर, अनवरगंज स्थित मैसर्स बालाजी मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। दुकान के निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं।
मौके से करीब 2100 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप (फेन्सीपिक-टी सिरप) और 10,800 से अधिक एल्प्राजोलम युक्त टैबलेट्स (कैलमपिक 0.5) बरामद की गई हैं। ये दवाइयां बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से बेची और जमा की जा रही थीं। बरामद माल की कीमत लाखों में आंकी गई है।
डीसीपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है ।
