बिल्हौर में 14वीं भव्य शिव बारात की तैयारियां पूरी, नगर दुल्हन सा सजा
बिल्हौर नगर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार को निकलने वाली भव्य शिव बारात को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। ओंकारेश्वर युवा सेवा समिति की ओर से आयोजित यह विशाल धार्मिक आयोजन लगातार 14वीं बार आयोजित किया जा रहा है। शिव बारात के स्वागत में पूरा नगर दुल्हन की तरह सजाया गया है। नगर के एक छोर से दूसरे छोर तक बिजली की झालरें, रंग-बिरंगी झंडियां, आकर्षक होल्डिंग्स और जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार बनाए गए है।शिव बारात का मुख्य केंद्र नगर पालिका चौराहा रहेगा, जहां विशेष सजावट की गई है। यहीं बारात का ठहराव होगा और शिव-पार्वती विवाह की रस्में विधिवत संपन्न कराई जाएंगी। आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों ने शनिवार को स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।शिव बारात शनि धाम से प्रारंभ होकर शिवाला मंदिर तक नगर भ्रमण करेगी। बारात में कलाकारों द्वारा देवी-देवताओं की सजीव झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।शिव बारात के चलते रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नगर में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। कानपुर और कन्नौज की ओर जाने वाले वाहन बाईपास से भेजे जाएंगे। ककवन व रसूलाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन मकनपुर-बिषधन मार्ग से गुजरेंगे, जबकि छोटे वाहनों के लिए बरौली, चंडाली, घिमऊ और बीबीपुर क्रॉसिंग से सीएचसी मार्ग निर्धारित किया गया है।टेंपो, मैजिक सहित अन्य डग्गामार वाहनों पर नगर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन नगर के बाहर ही सवारियां उतारेंगे और बैठाएंगे। इसके लिए नगर के दोनों छोरों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।शिवराजपुर स्थित प्राचीन खेरेश्वर मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। गंगा तट पर स्नान के दौरान सुरक्षा के लिए गोताखोर तैनात किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।
