कानपुर के ककवन में युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
बिल्हौर। ककवन थाना क्षेत्र अंतर्गत मलखारिया गांव में शनिवार शाम एक 20 वर्षीय युवक ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।मलखारिया गांव निवासी कुलदीप पाल (20) पुत्र वासुदेव पाल ने शनिवार शाम करीब 5:30 बजे यह कदम उठाया। परिजनों द्वारा युवक को कमरे में फंदे से लटका देखे जाने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।सूचना पर थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए।थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
