बाइक सवार युवक को कट्टे की बट मार आठ लाख की नकदी से भरा बैग लूटा
– श्याम नगर में दो बाइक में सवार चार युवकों ने सरेराह घटना को दिया अंजाम
– पुलिस की पूछताछ में अभी तक पीड़ित ने कुछ नहीं बताया, मौके पर की छानबीन
चकेरी। श्याम नगर में शताब्दी उद्यान मोड़ के पास बाइक सवार युवक को दो बाइक से आये चार युवकों ने सरेराह मारपीटा। इसके बाद पीड़ित के पास से बैग छीनकर भाग निकले। पीड़ित के अनुसार बैग में आठ लाख रुपये थे। जो गांव की जमीन बेचकर मिले थे। सूचना पाकर मौके पर डीसीपी पूर्वी समेत पुलिस बल पहुंचा और पीड़ित से पूछताछ की। लेकिन पीड़ित ने पुलिस को अभी तक कुछ भी नहीं बताया और न ही कोई तहरीर दी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। पुलिस पीड़ित से बातचीत कर मामले की जांच पड़ताल करने के प्रयास में जुटी है।
यशोदा नगर निवासी मोहम्मद वासिद के अनुसार उन्होंने गांव की जमीन बेची थी। जिसकी रकम निकालने वह श्याम नगर स्थित बैंक की शाखा आये थे। रकम निकालने के बाद देर शाम को वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। तभी श्याम नगर में शताब्दी उद्यान मोड़ के पास वे बाथरूम करने के लिए रुके। उसी दौरान दो बाइक में सवार चार युवक आये और उन्हें घेरकर हेलमेट से मारापीटा। फिर सिर में कट्टे की बट मारकर उन्हे लहुलुहान कर दिया और आठ लाख की नकदी से भरा बैग लूटकर भाग निकले। घटना के बाद वासिद मौके पर लहुलुहान पड़े थे। तभी आस पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें कांशीराम अस्पताल लेकर गई। जहां पर उपचार कराने के बाद वासिद को पूछताछ के लिए श्याम नगर चौकी लेकर आई। जहां पर पूछताछ के दौरान वासिद ने पुलिस को कुछ नहीं बताया। सूचना पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भी पहुंचे और घटनास्थल पर जांच भी की। डीसीपी पूर्वी ने भी पीड़ित से पूछताछ की लेकिन उसने घटना के बारे में कुछ भी नहीं बताया। पीड़ित के चक्कर आने पर परिजन उसे उपचार के लिए ले गये। मामले में डीसीपी पूर्वी ने बताया कि पीड़ित ने अभी तक न तो घटना की पूरी जानकारी दी और न ही तहरीर दी है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियाें से बात करने पर पता चला है कि बाइक सवार युवकों ने मारापीट की थी और पीड़ित के पास मौजूद बैग को लूट लिया था। घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। साथ ही पीड़ित से बातचीत कर तहरीर लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।
