चूहों से गल्ले को करोड़ों का नुकसान, व्यापारियों ने उठाई मंडी सुधार की मांग
कानपुर। नौबस्ता गल्ला मंडी में चूहों द्वारा गल्ला, दलहन व तिलहन को हो रहे भारी नुकसान तथा सफाई, पानी और सुरक्षा व्यवस्था की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मंडी सचिव से मुलाकात कर आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।
भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय वाजपेयी, जिला वरिष्ठ महामंत्री गोपाल शुक्ल, जिला महामंत्री अर्जित गुप्ता ‘अज्जू’ के नेतृत्व में संरक्षक सत्यप्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, मनोज द्विवेदी, संदीप तिवारी, गोपाल वर्मा, आनंद मिश्र, अनीश शुक्ला, मनीष गुप्ता, अंकित गुप्ता व श्रवण दीक्षित सहित पदाधिकारी नौबस्ता गल्ला मंडी स्थित मंडी समिति कार्यालय पहुंचे और मंडी सचिव विजयन बलियान से वार्ता की।
ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि मंडी परिसर में लंबे समय से अनेक समस्याएं बनी हुई हैं और चूहों के कारण पूरे वर्ष करोड़ों रुपये का गल्ला, दलहन व तिलहन नष्ट हो जाता है, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने चूहों के स्थायी नियंत्रण की व्यवस्था करने, पेयजल की किल्लत दूर करने तथा टूटी नालियों की मरम्मत कर बरसात में जलभराव से राहत दिलाने की मांग की।
अजय वाजपेयी ने मंडी परिसर में बढ़ती चोरियों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा मंडी के बाहर गल्ला व दलहन की बिक्री पर रोक लगाने की बात कही। गोपाल शुक्ल ने बिजली के खंभों पर लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने और खराब हैंडपंप ठीक कराने की आवश्यकता बताई, जबकि अर्जित गुप्ता ‘अज्जू’ ने नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि बरसात में बीमारियों का खतरा न रहे।
मंडी सचिव विजयन बलियान ने आश्वासन दिया कि लाइट व्यवस्था के लिए टेंडर हो चुका है और जल्द ही लाइटें लगाई जाएंगी। सफाई व्यवस्था बेहतर की जाएगी तथा चूहों के नियंत्रण के लिए कंपनी को टेंडर देकर कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने अन्य समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *