मन की बात सुनकर बूथों पर कुंडी खटखटाएगी भाजपा, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को बनाया जाएगा मतदाता

 

कानपुर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा है कि मन की बात कार्यक्रम सुनने के उपरांत पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने का अभियान तेज करेंगे।

यह बात उन्होंने आज भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं मन की बात की क्षेत्रीय टोली की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए कही।

श्री पाल ने कहा कि क्षेत्र के सभी 17 जिलों में बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी मन की बात सुनने के बाद उसी बूथ पर कम से कम 10 नए युवाओं को मतदाता बनाने का संकल्प लें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ क्षेत्र में एक-एक घर जाकर कुंडी खटखटाए और यह सुनिश्चित करे कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका कोई भी युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक युवाओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर मतदाता जागरूकता का कार्य करेंगे और नए मतदाताओं को जोड़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाएंगे।

बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह, अनूप अवस्थी,हर्ष द्विवेदी, रीता शास्त्री, वीरेंद्र तिवारी, आलोक शुक्ला, पवन पांडे, सचिन गौड़ सहित अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में अभियान की रूपरेखा,जिलावार जिम्मेदारियों का निर्धारण तथा बूथ स्तर पर मॉनिटरिंग व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *