ऑनलाइन व्यापार के विरोध में व्यापारियों ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

….. छोटे कारोबारियों के हितों की रक्षा की उठी मांग

कानपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के आवाहन पर प्रदेश-व्यापी कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को शहर के व्यापारियों ने ऑनलाइन व्यापार के विरोध में जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा। इसी क्रम में कानपुर में उत्तर एवं दक्षिण इकाइयों के संयुक्त तत्वाधान में व्यापारी नेताओं ने रमेश अवस्थी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन दिया।

उत्तर जिलाध्यक्ष सुनील बजाज तथा दक्षिण जिलाध्यक्ष अचल गुप्ता के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि ई-कॉमर्स के अनियंत्रित और असंतुलित विस्तार से छोटे व मध्यम वर्ग के पारंपरिक व्यापार पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। वर्षों से स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहे छोटे दुकानदार अस्तित्व के संकट से जूझ रहे हैं और प्रतिस्पर्धा की असमान शर्तों के कारण उनका कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने मांग की कि ऑनलाइन व्यापार के लिए समान नियम, कर व्यवस्था और नियंत्रण लागू कर पारंपरिक व्यापारियों को संरक्षण दिया जाए।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सांसद रमेश अवस्थी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी बात संसद तथा प्रधानमंत्री तक पहुंचाई जाएगी और व्यापारी हितों की रक्षा के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वे संसद द्वारा गठित एक समिति के सदस्य हैं, जहां अनावश्यक कानूनों को समाप्त करने और व्यापारियों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य संरक्षक रामेश्वर गुप्ता लाला भैय्या, महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सिंह, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, विनय अरोड़ा, महेंद्र गुप्ता, गौरव तिवारी, विराट गुप्ता, सुशील गुप्ता, कृष्ण कुमार, सचिन दुआ, पंकज अग्रवाल, विपुल शाह सहित अनेक व्यापारी नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *