राष्ट्रीय सेवा योजना – सात दिवसीय विशेष शिविर

 

बिल्हौर।रामसहाय राजकीय महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का प्रारंभ प्रातः शिविर स्थल की साफ-सफाई एवं श्रमदान से हुआ। स्वयंसेवकों ने परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया तथा स्वच्छता का संदेश दिया। तत्पश्चात स्वयंसेविका मीनाक्षी के नेतृत्व में योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस दिवस का मुख्य विषय सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियम जागरूकता रहा। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से “हेलमेट पहनें–जीवन बचाएं”, “सीट बेल्ट का करें प्रयोग”, “नशे में वाहन न चलाएं” आदि नारों द्वारा आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया। रैली के पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने जलपान ग्रहण किया।

सायंकालीन बौद्धिक सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence) विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. दिलीप राठौर द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता की अवधारणा, उसके विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग एवं भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

इस अवसर पर इतिहास विभाग की डॉ. नीलम की गरिमामयी उपस्थिति भी रही, जिनके मार्गदर्शन से स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन हुआ।

समापन अवसर पर सभी स्वयंसेवकों द्वारा लक्ष्य गीत गाया गया तथा समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया गया। इस प्रकार सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *