इच्छा मृत्यु की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने डी एम कार्यालय में दिया धरना
चकेरी थाना क्षेत्र के गणेशपुर में भू माफिया द्वारा पैसे लेकर प्लांट की रजिस्ट्री न किए जाने से परेशान पीड़ित परिवार ने आज जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया और इच्छा मृत्यु की मांग की। इस दौरान पीड़ित परिवार में कहा कि वह पूर्व में भी इस मामले की शिकायत कर चुके हैं परंतु कोई भी सुनवाई नहीं की जा रही हैं।
चकेरी थाना क्षेत्र के गणेशपुर में रहने वाली अनीता राजपूत पत्नी अशोक राजपूतने बताया कि पूर्व मे न्यायोचित संरक्षण/इच्छा मृत्यु संबंधी प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया था, जिस पर एसडीएम स्तर से जांच का आदेश हुआ था, परंतु आज तक न तो समुचित स्थल निरीक्षण हुआ और न ही कारणयुक्त आदेश पारित किया गया।प्रकरण में लेखपाल रिपोर्ट में स्पष्ट अंकित है कि संपूर्ण भुगतान हो चुका है तथा वास्तविक कब्ज़ा प्रार्थिनी के पास है। इसके बावजूद विपक्षी चंद्रभान वर्मा द्वारा प्रार्थिनी से 10,00,000/- की अवैध धन-मांग की जा रही है और कथित सिविल वाद का हवाला देकर प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है। इतना ही नहीं, उक्त विपक्षी द्वारा लगातार पीड़ित एवं उसके परिवार को जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं तथा पूर्व में दी गई एप्लीकेशन वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इन धमकियों के कारण पीड़िता एवं उसका परिवार गंभीर भय एवं असुरक्षा की स्थिति में जीवन यापन कर रहा है।
पीड़ित ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पीड़ित एवं उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए, अवैध धन-मांग एवं आपराधिक धमकी के संबंध में विधि अनुसार एफआईआर पंजीकृत कर कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा पूर्व प्रार्थना-पत्र का समयबद्ध एवं कारणयुक्त निस्तारण कराया जाए। यदि भविष्य में पीड़ित अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई भी अप्रिय घटना/जनहानि होती है तो उसके लिए उक्त विपक्षी चंद्रभान वर्मा एवं उसके सहयोगी उत्तरदायी होंगे।
