मिठाई कारोबारी पर एसजीएसटी छापे में घालमेल उजागर, 15 लाख जमा कराए
कानपुर। बिरहाना रोड स्थित एक प्रमुख मिठाई कारोबारी और उससे जुड़ी पारिवारिक फर्म पर राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) विभाग की छापेमारी में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। व्यापक स्तर पर कर चोरी पाए जाने पर कारोबारी ने तत्काल 15 लाख रुपये जमा करा दिए। यह कार्रवाई जोनल एडिशनल कमिश्नर सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर की गई।
एडिशनल कमिश्नर एसआईबी प्रशांत कुमार और ज्वाइंट कमिश्नर जीपी सिंह के नेतृत्व में 12 अधिकारियों की संयुक्त टीम ने घोषित व्यापार स्थल पर एक साथ पहुंचकर जांच शुरू की। विभाग को सूचना मिली थी कि फर्म वास्तविक टर्नओवर छिपाकर कर देयता कम दर्शा रही है, जिसके आधार पर दस्तावेजों की गहन जांच और स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया गया।
जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर और मौके पर उपलब्ध माल में भारी अंतर पाया गया, वहीं लेखा पुस्तकों में भी गड़बड़ी सामने आई। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में पाई गई सभी अनियमितताओं के आधार पर अग्रिम विवेचना जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कमिश्नर एसआईबी अभिषेक चतुर्वेदी, कौशलेश सिंह, अफसर हुसैन तथा असिस्टेंट कमिश्नर प्रभात चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
