*कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम को मिली दोहरी खुशखबरी: किराया सबसे कम होगा, 50 करोड़ से शुरू होगा विकास; टी-20, वनडे और आईपीएल मैचों की वापसी तय*

 

कानपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है! शहर का ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम फिर से अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने खेल बजट के लिए 350 करोड़ का बजट पेश किया था जिसमे कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम के पुनर्विकास के लिए 50 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है, जिसमें पहले चरण में 50 करोड़ रुपये में से 45 करोड़ रुपये आवंटित हो चुके हैं । धनराशि जारी कर दी गई है। साथ ही, स्टेडियम का किराया कम करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसकी मंजूरी मिलते ही ग्रीन पार्क यूपी में सबसे सस्ता किराया वाला स्टेडियम बन जाएगा। इससे अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा आईपीएल, यूपी टी-20 लीग जैसे बड़े टूर्नामेंट आयोजित करना आसान हो जाएगा। वर्तमान में उच्च किराए के कारण बड़े आयोजनों की संख्या सीमित हो गई थी।

 

बुधवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी और मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने स्टेडियम का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान की मौजूदा खामियों, रखरखाव की स्थिति, जर्जर दीर्घाओं, ड्रेनेज सिस्टम की कमियों और अन्य सुविधाओं की समस्याओं का जायजा लिया। सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मुद्दे पर चार बार मुलाकात की और विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। इसी अथक प्रयासों का नतीजा है कि राज्य बजट में खेल विकास के लिए 350 करोड़ रुपये आवंटित किए गए, जिसमें ग्रीन पार्क के लिए 45 करोड़ रुपये शामिल हैं।

 

सांसद ने कहा, “जब मैं सांसद बना, तो सबसे पहले ग्रीन पार्क का निरीक्षण किया। वहां की स्थिति देखकर दुख हुआ। दर्शक क्षमता कम हो गई थी, रखरखाव की कमी थी। मैंने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी और तय किया कि शहर में अंतरराष्ट्रीय मैच जरूर कराए जाएंगे।” उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों से वादा किया था कि स्टेडियम का विकास होगा और भविष्य में वनडे, टी-20 तथा आईपीएल जैसे बड़े मैच यहां होंगे। “ग्रीन पार्क पूरे देश की विरासत है। इसे सजाना-संवारना हमारी और सरकार की जिम्मेदारी है। मैंने लोकसभा में भी इस मुद्दे को उठाया था। कानपुर का हर व्यक्ति, चाहे वह क्रिकेट खेलता हो या देखता हो, उसका ग्रीन पार्क से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है।”

 

मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मैचों का किराया कम कराने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर ग्रीन पार्क का किराया यूपी में सबसे कम होगा। इससे आयोजकों को राहत मिलेगी और मैचों की संख्या बढ़ेगी। पहले चरण में जारी 50 करोड़ रुपये से प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे। यूपीसीए अधिकारियों के साथ जल्द बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

 

निरीक्षण में पाया गया कि वर्तमान दर्शक क्षमता लगभग 27,400 है, जिसे बढ़ाकर 50,000 तक करने की योजना है। पहले चरण में नए प्लेयर्स पवेलियन, आधुनिक मीडिया सेंटर, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और अन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण होगा। इससे स्टेडियम ऑल-वेदर बनेगा, यानी किसी भी मौसम में मैच निर्बाध आयोजित हो सकेंगे। जर्जर सी-स्टॉल, बी-जनरल स्टैंड आदि को हटाकर नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

 

सांसद ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि, “मेरे शहर की पहचान ग्रीन पार्क की शान बरकरार रहेगी। मेरा संकल्प है कि कानपुर को विकसित कानपुर बनाएंगे।” यह विकास न केवल क्रिकेट को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं में खेल भावना जगाएगा, पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और शहर की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। क्रिकेट प्रेमी अब उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं कि कब यह ऐतिहासिक मैदान फिर से अंतरराष्ट्रीय मैचों की चमक से जगमगाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *