कानपुर
नेशनल हाईवे पर टैंकरों से डीजल चोरी का खेल उजागर
कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे टैंकरों से डीजल चोरी का मामला सामने आया है। मरियानी गांव स्थित रेलवे अंडरपास के पास रोजाना चार से पांच टैंकरों से पाइपलाइन के जरिए ड्रमों में डीजल भरने का आरोप है। ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।ग्रामीणों के मुताबिक, तड़के सुबह नेशनल हाईवे पर खड़े टैंकरों से पाइप लगाकर डीजल निकाला जाता है और पास में रखे ड्रमों में भरा जाता है। मौके पर एक लोडर वाहन भी खड़ा रहता है, जिससे भरे हुए ड्रमों को आगे सप्लाई किया जाता है। आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे खेल के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है।गांव के निवासी हिमांशु शर्मा, राकेश, मनोज और नीलेश समेत अन्य लोगों का कहना है कि यह सिलसिला पिछले करीब 15 दिनों से लगातार चल रहा है। अलग-अलग कंपनियों के टैंकर यहां रुकते हैं और उनसे डीजल निकाला जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।इस मामले में दुर्गेश मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक, ने बताया कि उन्हें पहले इस घटना की जानकारी नहीं थी। वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
