सपा विधायक के गैस गोदाम का ताला तोड़कर पाँच लाख के सिलेंडर चोरी
इंटरलॉकिंग प्लांट में भी नक़बज़नी, हज़ारों का सामान गायब
बिल्हौर,कानपुर।चौबेपुर इलाक़े में बीती रात चोरों ने बेख़ौफ़ होकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई के गैस गोदाम का ताला तोड़कर करीब पाँच लाख रुपये क़ीमत के गैस सिलेंडर चोरी कर लिए गए। इसी रात बेला रोड, चंपतपुर गांव के पास स्थित एक इंटरलॉकिंग ईंट प्लांट में भी चोरी की वारदात सामने आई, जहाँ से हज़ारों रुपये का सामान चोर उठा ले गए।जानकारी के मुताबिक, आर्य नगर कानपुर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की चौबेपुर क्षेत्र में गैस एजेंसी है। एजेंसी का गोदाम बेला रोड से बंसठी मोड़ पर दीपपुर गांव के नज़दीक स्थित है। गैस एजेंसी के मैनेजर शशिकांत पांडेय ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब गोदाम इंचार्ज उमेश सविता डिलीवरी ब्वॉय अनुराग के साथ गाड़ी लेकर गोदाम पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि गोदाम के मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा है। अंदर कमरे का ताला भी टूटा मिला।मैनेजर के अनुसार, गोदाम से एचपी कंपनी के 127 भरे हुए गैस सिलेंडर, 7 खाली सिलेंडर और 3 कमर्शियल सिलेंडर चोरी हो गए हैं। गोदाम के पास पिकअप लोडर के टायरों के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि चोर रात के वक़्त लोडर में सिलेंडर लादकर फरार हो गए।घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दी गई, साथ ही चौबेपुर थाने को फोन के ज़रिये भी जानकारी दी गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। गैस एजेंसी मैनेजर ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।दूसरी घटना चौबेपुर के बेला रोड स्थित चंपतपुर गांव के पास अमित मिश्रा के इंटरलॉकिंग ईंट बनाने वाले प्लांट में हुई। प्लांट मालिक अमित मिश्रा ने बताया कि बीती रात अज्ञात चोर बाउंड्री वॉल फांदकर प्लांट के अंदर घुसे और इनवर्टर की बैटरी, ड्रम में रखा डीज़ल समेत अन्य क़ीमती सामान चोरी कर ले गए।इस मामले में भी प्लांट मालिक ने चौबेपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना अध्यक्ष चौबेपुर दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि गैस एजेंसी मैनेजर की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।
