सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

कानपुर। शुक्रवार शाम सेंट्रल रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर शाम लगभग पांच बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल कर धमकी दी गई कि शाम सात बजे स्टेशन पर बम विस्फोट होगा और “रोक सकते हो तो रोक लो।” सूचना मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत सक्रिय हो गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया गया।

धमकी की सूचना पर कैंट, रेलबाजार समेत कई थानों की पुलिस फोर्स, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें तत्काल सेंट्रल स्टेशन पहुंच गईं। पुलिस ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर सभी प्लेटफार्मों तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्लेटफार्मों पर खड़े यात्रियों के सामान की जांच की गई तथा पार्सल घर और संदिग्ध स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई।

साथ ही स्थानीय पुलिस ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। कंट्रोल रूम से पूरे स्टेशन परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी गई और संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रित रही।

एडीसीपी एलआईयू महेश कुमार ने बताया कि शाम करीब पांच बजे पुलिस हेल्पलाइन 112 पर अज्ञात नंबर से स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सूचना मिलते ही सभी संबंधित थानों को अलर्ट कर फोर्स को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि जिस नंबर से कॉल की गई है, उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है और तकनीकी टीम जांच में जुटी है।

उन्होंने यह भी बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। देर शाम तक चली जांच में किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई, फिर भी एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *