उधना के लिए स्पेशल ट्रेन, गोविंदपुरी में ठहराव

 

कानपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने होली के मद्देनज़र विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में सूबेदारगंज–उधना विशेष ट्रेन (04155/04156) का संचालन किया जाएगा, जिसका गोविंदपुरी स्टेशन पर भी ठहराव निर्धारित किया गया है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04155 सूबेदारगंज–उधना विशेष प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार को दिनांक 9 से 30 मार्च 2026 तक कुल 07 फेरों के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन सूबेदारगंज से 11:40 बजे प्रस्थान कर गोविंदपुरी स्टेशन पर दोपहर 2:55 बजे पहुंचेगी और 3 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद यह ट्रेन झांसी, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, भुसावल, नंदुरबार और व्यारा होते हुए अगले दिन दोपहर 1:15 बजे उधना पहुंचेगी।

वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 04156 उधना–सूबेदारगंज विशेष प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को दिनांक 10 से 31 मार्च 2026 तक कुल 07 फेरों के लिए संचालित होगी। यह ट्रेन उधना से शाम 4:15 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए गोविंदपुरी स्टेशन पर 5:35 बजे पहुंचेगी तथा 5:40 बजे प्रस्थान करेगी और आगे चलकर फतेहपुर होते हुए सूबेदारगंज रात 9 बजे पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 02 एसएलआरडी, 07 सामान्य, 11 स्लीपर तथा 02 एसी तृतीय श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और आरक्षण की जानकारी प्राप्त कर अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *