इंस्पायर अवार्ड में बिल्हौर इंटर कॉलेज की दो छात्राओं का चयन
बिल्हौर (कानपुर नगर)। बिल्हौर इंटर कॉलेज की दो छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और नवाचार के दम पर विद्यालय के साथ-साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित प्रतिष्ठित इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2025–26 के अंतर्गत विद्यालय की दो छात्राओं का चयन किया गया है। चयनित छात्राओं को 10–10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी स्वीकृत की गई है।विद्यालय की कक्षा 10-बी की छात्रा रिया गुप्ता का चयन मोबाइल अलर्ट युक्त गैस रिसाव पहचान यंत्र विषयक परियोजना के लिए हुआ है, जबकि कक्षा 10-बी की ही छात्रा प्रिंसिका कटियार का चयन मृदा आर्द्रता सेंसर आधारित सिंचाई प्रणाली विषयक परियोजना के लिए किया गया है।इन परियोजनाओं के निर्माण में विद्यालय के विज्ञान शिक्षक मुकेश कुमार राजपूत ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उनके निर्देशन में छात्राओं ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तकनीकी समझ का परिचय देते हुए यह उपलब्धि प्राप्त की।विद्यालय के प्रबंधक प्रभाकर श्रीवास्तव ने इसे संस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। वहीं प्रधानाचार्य सुरजीत सिंह यादव ने चयनित छात्राओं एवं मार्गदर्शक शिक्षक को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
