होली के रंग में घुला विवाद, अगले दिन खूनी झड़प में बदला; युवक घायल, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
बिल्हौर (कानपुर नगर)। बिल्हौर थाना क्षेत्र के खजूरी कला गांव में होली के दिन शुरू हुआ विवाद गुरुवार को मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में एक युवक घायल हो गया। मामले में दोनों पक्षों ने बिल्हौर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।खजूरी कला निवासी दीपू की पुत्री ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को होली के दिन वह घर में खाना बना रही थी। उसी दौरान गांव का विपिन हाथ में रंग लेकर अचानक उसके घर में घुस आया और जबरन रंग लगाने लगा। विरोध करने पर उसने अभद्रता शुरू कर दी।पीड़िता के अनुसार शोर सुनकर जब उसके माता-पिता मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि विपिन ने उसकी मां को तमाचा मार दिया और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर वहां से भाग गया।पीड़िता का आरोप है कि गुरुवार सुबह जब उसके पिता चौराहे पर गए तो वहां कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और पुलिस में शिकायत न करने की धमकी देते हुए गाली-गलौज और मारपीट की।वहीं दूसरे पक्ष की ओर से संगीता पत्नी सुनील ने भी बिल्हौर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुवार सुबह करीब आठ बजे पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस में रहने वाले पिंटू, दीपू और अमित ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके बेटे गोलू पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद गांव में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
