पत्नी से कहासुनी के बाद युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान,
शव से लिपटकर बिलखती रही पत्नी; आधे घंटे रुकी पैसेंजर ट्रेन
बिल्हौर (कानपुर नगर)। शुक्रवार की शाम बिल्हौर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया। पति-पत्नी के बीच हुई मामूली कहासुनी ने कुछ ही पलों में ऐसा मोड़ लिया कि एक परिवार हमेशा के लिए उजड़ गया। युवक ने गुस्से और आवेश में आकर गुजरती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बिल्हौर थाना क्षेत्र के ढूलमऊ गांव निवासी जितेंद्र उर्फ मझिले (34) खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम वह अपनी पत्नी के साथ बिल्हौर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर ककवन रोड क्रॉसिंग से पहले लक्ष्मी गेस्ट हाउस के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी समय कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजर रही थी। बहस के बीच अचानक जितेंद्र ट्रैक की ओर दौड़े और देखते ही देखते ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। बताया गया कि वह ट्रैक पर जाकर लेट गए।ट्रेन में मौजूद एक रेलवे कर्मचारी के मुताबिक चालक ने युवक को देखकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों ने शव को ट्रैक से हटाने का प्रयास किया, लेकिन तभी मृतक की पत्नी मौके पर पहुंच गई। पति का शव देखते ही वह फूट-फूटकर रोने लगी और शव से लिपट गई। पत्नी काफी देर तक शव को ट्रैक से हटाने नहीं दे रही थी, जिससे पैसेंजर ट्रेन करीब आधे घंटे तक मौके पर खड़ी रही। इस दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में अन्य परिजनों के आने पर किसी तरह शव को ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।शव को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार साल की मासूम बेटी को छोड़ गया है।गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।
