*आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन पाने वाली तहसील बनी घाटमपुर*

 

*कानपुर नगर की पहली आईएसओ सर्टिफाइड तहसील बनी घाटमपुर*

 

कानपुर नगर।

 

घाटमपुर तहसील को प्रशासनिक सेवाओं की गुणवत्ता और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक आईएसओ 9001:2015 का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। आईएसओ के प्रतिनिधि रामधन गौतम ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने घाटमपुर के उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह तथा पूरी तहसील टीम को बधाई देते हुए निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। घाटमपुर तहसील कानपुर नगर की पहली आइएसओ सर्टिफाइड तहसील बन गई है।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि तहसील प्रशासन की पारदर्शी और व्यवस्थित कार्यप्रणाली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आईएसओ प्रमाणन केवल सम्मान नहीं, बल्कि जनसेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने निर्देश दिए कि तहसील में स्थापित इस मानक को बनाए रखते हुए नागरिकों को समयबद्ध और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

 

आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन के अंतर्गत तहसील घाटमपुर में राजस्व न्यायालय प्रबंधन, भूमि अभिलेख एवं नामांतरण सेवाएं, उत्तराधिकार प्रकरण, राजस्व वसूली, सामाजिक कल्याण योजनाओं का क्रियान्वयन, वैधानिक प्रमाणपत्रों का निर्गमन, जन शिकायतों का निस्तारण तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।

 

यह प्रमाणन 06 मार्च 2026 को जारी हुआ है और 05 मार्च 2029 तक वैध रहेगा। इस उपलब्धि के साथ घाटमपुर तहसील अब प्रशासनिक सेवाओं के अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर कार्य करने वाली तहसीलों में शामिल हो गई है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और अधिक सुव्यवस्थित सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, अपर जिलाधिकारी (सिविल सप्लाई) राजेश कुमार, तहसीलदार अंकिता पाठक सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *