कानपुर: टीम इंडिया की जीत के लिए भाजपा पदाधिकारियों ने किया हवन पूजन
टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले कानपुर में टीम इंडिया की जीत के लिए हवन-पूजन किया गया। अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले काकादेव के तुलसी नगर में भाजपा पदाधिकारियों और क्रिकेट फैंस ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन कर भारतीय टीम की जीत की कामना की।
कार्यक्रम में Prakash Pal, Anil Dixit समेत कई भाजपा पदाधिकारी और क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। दो पुरोहितों ने विधि-विधान से हवन संपन्न कराया और टीम इंडिया के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि रविवार सूर्य देव का दिन है और कप्तान सूर्य के नेतृत्व में टीम इंडिया फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नाम वाले मैदान पर आज भारत की जीत तय है।
वहीं जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता का आशीर्वाद टीम इंडिया के साथ है और भारतीय टीम तीसरी बार वर्ल्ड कप जीतकर नया रिकॉर्ड बनाएगी। आयोजनकर्ता आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि टीम के खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं और संजू सैमसन व जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन टीम के लिए अहम साबित होगा।
हवन पूजन के दौरान प्रीति रंजन, देवांश त्रिपाठी, ओंकारनाथ, रवि चौरसिया, जितेंद्र शर्मा, पंकज शर्मा, रजत समेत कई लोग मौजूद रहे और सभी ने टीम इंडिया की जीत के लिए कामना की।
