कानपुर, दिनांकः 08.03.2026
*कानपुर मेट्रो: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कविता, कहानी और किस्सों के रंगों से सजा बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन*
ये मेरी मां की दुआओं का असर है, डूबता हूं तो दरिया उछाल देता है” — महिलाओं को समर्पित रचनाओं से गूंजा बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन
शक्ति मेट्रो प्रदर्शनी यात्रियों के आकर्षण का केंद्र
कानपुर मेट्रो ने आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज में महिलाओं की उपलब्धियों और उनके योगदान के सम्मान में बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर ‘इंकटेल्स’ संस्था के सहयोग से एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। ‘शो योर टैलेंट’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ-साथ पुरुष प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया और अपनी काव्य रचनाएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के दौरान कविता के साथ-साथ ओपन माइक के अंतर्गत किस्से, गीत और नृत्य की भी प्रस्तुति हुई।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर लगभग 2 बजे हुई। युवा कवियों ने अपनी रचनाओं को नारी शक्ति को समर्पित करते हुए भावपूर्ण प्रस्तुति दी। कवि अंकित ने “ये मेरी मां की दुआओं का असर है, डूबता हूं तो दरिया उछाल देता है” के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर किया। कवि नवीन ने “मां के सारे गहने बिक गए बच्चों को बड़ा बनाने में” पंक्तियों से खूब वाहवाही प्राप्त की।
कवि विनय कुमार माधव ने “नारी तुम नारायणी हो”, कवयित्री अंकिता श्रीवास्तव ने “मैं अपनी जिंदगी की स्वयं चित्रकार हूं” और कवयित्री तृप्ति ठाकुर ने “वो स्त्री है, उसे समझाना बहुत आसान है” कविता प्रस्तुत कर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। “पापा ऐसा वर ढूंढो जिसको औरत समझ में आए” तथा “कभी बेटी बनकर घर की रोशनी बनी” जैसी रचनाओं ने भी श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान अंतरा शर्मा, चांदनी, ऐश्वर्या सिंह, राज, रजत शुक्ला, शादाब आदि कवियों ने भी अपनी कविताओं के माध्यम से काव्य गोष्ठी में विशेष रंग प्रदान किया।
आकर्षण का केंद्र बनी शक्ति मेट्रो
कानपुर मेट्रो ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति को समर्पित “शक्ति मेट्रो” की भी शुरुआत की है। इस विशेष मेट्रो ट्रेन के भीतर महिला उपलब्धियों को समर्पित एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। यह प्रदर्शनी एक सप्ताह तक चलेगी और मेट्रो में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी। इस दौरान महिलाओं पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
