बेटी की विदाई के बाद घर में छाया मातम, नाली विवाद में हथौड़ा व धारदार हथियार से हमला, दो गंभीर
कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी लक्खा में बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब नाली के पानी की निकासी को लेकर चचेरे भाइयों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के दौरान हथौड़े और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि गांव निवासी राजाराम की बेटी की शनिवार को शादी हुई थी। बारात और मेहमानों की भीड़ के चलते घर में सफाई के दौरान कुछ समय के लिए नाली बंद हो गई, जिससे पास में पानी जमा हो गया। इसी बात को लेकर चचेरे भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
इसी दौरान शादी समारोह में आए रिश्तेदार आशीष दुबे और अनिल दुबे बीच-बचाव करने पहुंचे, तभी आरोप है कि ज्ञान प्रकाश त्रिवेदी उर्फ पुत्तन ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल चौबेपुर सीएचसी भिजवाया, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस को तहरीर मिल गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।
