*गैस आपूर्ति को लेकर घबराएं नहीं, पैनिक बुकिंग से बचें:डीएसओ*

 

*कॉल सेंटर पर शिकायत के बाद सिलेंडरों की होम डिलीवरी*

 

कानपुर नगर।

 

जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। आज कुल 252 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 92 का निस्तारण कराया गया। अधिकांश शिकायतें गैस बुकिंग न होने या समय पर सिलेंडर न मिलने से संबंधित पाई गईं। जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग दर्ज थी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है और उपभोक्ताओं से पैनिक बुकिंग न करने की अपील की।

 

जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गल्ला मंडी निवासी रामजानकी का घरेलू गैस कनेक्शन प्रियंका गैस सर्विस से है। उनकी बुकिंग 6 मार्च की थी और सिलेंडर न मिलने पर उन्होंने कॉल सेंटर के लैंडलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद उन्हें होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर घर पर उपलब्ध कराया गया।

 

इसी प्रकार बाबू पुरवा निवासी आफरीन का गैस कनेक्शन विजय गैस एजेंसी से है। उन्होंने 5 मार्च को बुकिंग कराई थी, लेकिन सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ था। शिकायत मिलने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई गई। किदवई नगर ब्लॉक निवासी राजकुमार मल्होत्रा का कनेक्शन साक्षी गैस एजेंसी से है। उन्होंने 27 फरवरी की बुकिंग के बावजूद सिलेंडर न मिलने की जानकारी दी, जिस पर उन्हें भी घर पर सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।

 

इसके अलावा जयप्रकाश वर्मा ने उपकार गैस एजेंसी से इनवॉइस जनरेट होने के बाद भी गैस न मिलने की शिकायत की थी, जबकि अनवरगंज निवासी किशन लाल ने शांति गैस एजेंसी से 3 मार्च को बुकिंग कराने के बावजूद सिलेंडर न मिलने की सूचना दी। दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।

 

इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर सिलेंडर आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया और समय से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए लैंडलाइन नंबर 0512-2988763 और व्हाट्सएप नंबर 6394616122 जारी किए गए हैं। उपभोक्ता इन नंबरों पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *