सुमीता गैस एजेंसी की अव्यवस्था से उपभोक्ता परेशान, गैस बुकिंग में आ रही भारी दिक्कत
कर्मचारियों की कमी, “सर्वर डाउन” का बहाना और अभद्र व्यवहार से लोगों में रोष
कानपुर। शहर के मॉल रोड स्थित सुमीता गैस एजेंसी में इन दिनों अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग कराने के लिए प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी पर न तो पर्याप्त कर्मचारी मौजूद रहते हैं और न ही उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग कराने के लिए एजेंसी पहुंचने पर अक्सर “सर्वर डाउन” होने का बहाना बनाकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले से गैस बुक कराने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी समस्या का हवाला देकर उनकी बुकिंग नहीं की जा रही है।
एजेंसी परिसर में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग गैस बुकिंग और सिलेंडर से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं, जिससे वहां लंबी कतारें और भीड़ का माहौल बना रहता है। भीड़ के बावजूद कर्मचारियों की कमी के कारण उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार बिना समाधान के ही वापस लौटना पड़ता है।
कुछ उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि एजेंसी के कुछ कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार तक कर देते हैं, जिससे लोगों में काफी नाराजगी व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एजेंसी में पर्याप्त कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए और बुकिंग व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, तो उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों से राहत मिल सकती है।
उपभोक्ताओं ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से इस मामले की जांच कर एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार कराने तथा दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
