बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान के लिए आगे आया ‘अपना घर आश्रम’,
…अटल वयो अभ्युदय योजना
कानपुर। वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को सीसामऊ स्थित श्री ठाकुर राधा किशन जी महाराज विराजमान मंदिर परिसर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हर सहाय जगदम्बा सहाय महाविद्यालय के पीछे सृजन सोसायटी द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन और समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आयोजक उमा शुक्ला और जे.पी. सिंह ने बताया कि भारत सरकार की ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, देखभाल और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बुजुर्गों के लिए डे-केयर सेंटर, हेल्पलाइन सेवाएं, काउंसलिंग, नियमित स्वास्थ्य जांच, मनोरंजन की सुविधाएं तथा कौशल विकास कार्यक्रम जैसी कई व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आयोजकों ने बताया कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समय-समय पर जनजागरूकता अभियान, शिविर और चौपालों का आयोजन भी किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बुजुर्गों को उनके अधिकारों, उपलब्ध सुविधाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उमा शुक्ला और जे.पी. सिंह ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार और समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील रहें तथा उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और जागरूकता के उद्देश्य से 15 मार्च को ‘एक चिट्ठी बाबा-दादी के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 8:30 बजे से 10:00 बजे तक किदवई नगर के वाई-ब्लॉक स्थित बालाजी पार्क (धनुष चौराहा के पास) में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहर के नागरिकों और युवाओं को भी भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
