
जिलाधिकारी श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आज स्व. चन्द्र प्रकाश पाठक जी के शहीद दिवस के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्व. चन्द्र प्रकाश पाठक का जन्म 25 फरवरी 1958 को जनपद हमीरपुर के अतरड्या ग्राम में हुआ था। इनके पिता श्री राजेन्द्रदत्त पाठक तथा माता श्रीमती राजेश्वरी पाठक थीं। वह वर्ष 1983 बैच के पी.सी.एस. अधिकारी थे।
दिनांक 16 मार्च 2001 को कानपुर के नयी सड़क क्षेत्र में दंगाइयों से वीरतापूर्वक मोर्चा लेते हुए कर्तव्य पालन के दौरान वे शहीद हो गए थे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्व. पाठक एक कुशल, मृदुभाषी, निर्भीक एवं कर्तव्यपरायण अधिकारी थे। उनका जीवन और बलिदान प्रशासनिक सेवा में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि स्व. पाठक ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे सदैव सम्मान के साथ स्मरण किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी डॉ राजेश कुमार ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि की।
