कानपुर: जेसीबी चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा,

कानपुर। शहर के शास्त्री चौक चौराहे पर सोमवार को जेसीबी चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। खाली प्लॉट में खुदाई के दौरान बिजली के खंभे के पास की मिट्टी हट जाने से खंभा अचानक असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, जेसीबी मशीन से प्लॉट में खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान खंभे के नीचे की मिट्टी हट जाने से वह अचानक गिर पड़ा। उसी समय वहां मौजूद एक व्यक्ति खंभे की चपेट में आ गया और पास में बनी झोपड़ी समेत मलबे में दब गया।

 

घटना होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद घायल व्यक्ति को मलबे से बाहर निकालकर गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया।

 

हादसे के दौरान खंभा गिरने से आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी उसकी चपेट में आकर मलबे के नीचे दब गईं, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि जेसीबी चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *