कमर्शियल गैस सिलेंडर संकट पर व्यापारियों ने मंडलायुक्त से मिले व्यापारी, बताईं समस्याएं

…..सौंपा ज्ञापन

कानपुर। शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से उत्पन्न संकट को लेकर कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग उठाई। जिला अध्यक्ष सुनील बजाज के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अपने सहयोगी संगठनों कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन और होटल-रेस्टोरेंट एसोसिएशन के साथ मंडलायुक्त विजेंद्र पांडियन से भेंट कर ज्ञापन सौंपा और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति तत्काल पुनः शुरू कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त को बताया कि शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई अचानक बाधित हो जाने से होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, कैटरिंग और अन्य खानपान से जुड़े व्यवसायों की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। आगामी ईद और नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर यह समस्या और गंभीर होती जा रही है, जिससे व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

होटल-रेस्टोरेंट एसोसिएशन के विजय पंडित और कैटरर्स एसोसिएशन के देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि शहर के सभी क्षेत्रों में अभी पाइप्ड एलपीजी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण अधिकांश कारोबारी कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर ही निर्भर हैं। वर्तमान स्थिति में गैस की आपूर्ति बाधित होने से उनके व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और तत्काल राहत की आवश्यकता है।

व्यापार मंडल के जिला महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी ने कहा कि कानपुर में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर काम करते हैं, जो छोटे ढाबों, ठेलों और पटरी व्यवसाय से भोजन प्राप्त करते हैं। गैस सिलेंडरों की कमी के कारण इन छोटे कारोबारियों के साथ-साथ मजदूरों के भोजन की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे सामाजिक और आर्थिक दोनों स्तरों पर समस्या खड़ी हो रही है।

व्यापार मंडल ने मांग की कि कम से कम सीमित मात्रा में ही सही, कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति तत्काल प्रभाव से शुरू कराई जाए, ताकि होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, कैटरर्स और छोटे भोजनालयों से जुड़े व्यापारियों को राहत मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त विजेंद्र पांडियन ने तत्काल जिला अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

इस अवसर पर विजय पंडित, कृपा शंकर त्रिवेदी, देवेंद्र गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, सुरेश गुप्ता, सुशील गुप्ता, अभिषेक तिवारी, सौरभ त्रिवेदी, गुलशन जायसवाल, अंकित मिश्रा, ऋतिक, वेद प्रकाश द्विवेदी और दिलीप महाराज सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *