जनपद स्तरीय रसोइया पाक – कला प्रतियोगिता……

प्रथम,द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त रसोइया को मिली घोषित धनराशि व प्रशस्ति पत्र

•खाद्य सामग्री की शुद्धता,स्वच्छता एवं सुरक्षा आदि मानको के विषय में किया गया जागरूक।

•मेन्यू के अनुसार दिया जाए गर्म पका पकाया शुद्ध एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन।

नरवल। मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण, उ.प्र. के पत्र अनुपालन में बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय प्रांगण में जनपद स्तरीय रसोइया पाक-कला प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमे प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त रसोइया को घोषित धनराशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि कोषाधिकारी जयश्री सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह तथा वित्त एवं लेखाधिकारी शिशिर जायसवाल तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय सुनील कुमार द्विवेदी के द्वारा प्रतियोगिता का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण करके किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रसोइयों को भोजन की पौष्टिकता, खाद्य सामग्री की शुद्धता, स्वच्छता एवं सुरक्षा आदि मानकों के विषय में जागरुक करना था, जिससे बच्चों को विद्यालय में ही निर्धारित मेन्यू के अनुसार गर्म पका पकाया शुद्ध व पौष्टिक मध्यान्ह भोजन प्रत्येक विद्यालय दिवस में प्राप्त हो सके।

जनपद के सभी विकासखण्डों से कुल 23 रसोइयों द्वारा प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया गया।
प्रथम चरण में रसोइयों द्वारा अलग-अलग गैस चूल्हों पर निर्धारित मेन्यू के अनुसार तहरी बनाई गई। प्रथम चरण के उपरान्त भोजन का स्वाद (कुल अंक 10 में से), पौष्टिक तत्व (कुल अंक 10 में से), भोजन पकाने का तरीका (कुल अंक 10 में से), स्वच्छता (कुल अंक 10 में से), सुरक्षा (कुल अंक 10 में से), सभ्य व्यवहार (कुल अंक 5 में से) आदि के आधार पर निर्णायक मण्डल द्वारा कुल 10 रसोइयों का चयन अंतिम चरण हेतु किया गया। अंतिम चरण में 10 शार्ट लिस्टेड रसोइयों के द्वारा रोटी-सब्जी बनाई गई।

उपरोक्त निर्धारित मानकों के आधार पर निर्णायक मण्डल द्वारा विकास खण्ड बिल्हौर के प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर की रसोइया रामरानी को प्रथम विजेता, विकास खण्ड ककवन के कम्पोजिट विद्यालय औरोताहरपुर रेनू वर्मा को द्वितीय विजेता तथा विकास खण्ड घाटमपुर के कम्पोजिट विद्यालय स्यादी की रसोइया कमल किशोरी को तृतीय विजेता घोषित किया गया।

कार्यक्रम संयोजक सौरभ पाण्डेय ने बताया कि विजेता रसोइयों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः रू0 35सौ 25सौ, व 15सौ रुपए की धनराशि, ट्राफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया तथा शेष प्रतिभागियों को सान्त्वना पुरस्कार के रुप में 3 सौ रुपए व मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र दिये गए। सभी प्रतिभागियों को यात्रा भत्ता दिये गए। समस्त धनराशि पी०एफ०एम०एस० के माध्यम से रसोइयों के खाते में प्रेषित की गई।

प्रतियोगिता में भोजन पकाने में एल.पी.जी. गैस चूल्हा, FSSAI द्वारा प्रमाणित ब्राण्डेड तेल, मसालों, नमक एवं ताजी मौसमी सब्जियों का प्रयोग किया गया। सभी रसोइयों ने शासन द्वारा निर्धारित भूरे रंग की साड़ी, मास्क, एप्रिन, हेड-कवर व ग्लब्स पहनकर भोजन पकाया।

डा. अभिषेक मिश्रा, डी.टी.सी. जागेश्वर, श्रीमती मनीषा प्रधानाचार्या राजकीय बालिका हायर सेकेन्ड्री स्कूल, रामपुर भीमसेन, आभा गंगवार, प्रवक्ता, राजकीय बालिका इ०का० चुन्नीगंज आदि निर्णायक मण्डल में रहे।

कार्यक्रम में अर्चना सागर ए.आर.पी. बिधनू, नरेन्द्र कुमार कम्प्यूटर ऑपरेटर, शीला, नीलम शर्मा एवं नीलम यादव रहे। संचालन एस.आर.जी.डा अल्का गुप्ता ने किया।

सरसौल समाचार व फोटो1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *