जिला स्तरीय जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता

ग्रीनपार्क और सेठ मोतीलाल खेड़िया ने जीते खिताब

 

कानपुर। खेल निदेशालय उप्र की ओर से आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालक व बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले बुधवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए। दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां बालक वर्ग में ग्रीनपार्क और बालिका वर्ग में सेठ मोतीलाल खेड़िया की टीम ने खिताब अपने नाम किया।

बालिका वर्ग के फाइनल में ग्रीनपार्क और सेठ मोतीलाल खेड़िया के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में सेठ मोतीलाल खेड़िया की टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। टीम की खिलाड़ी गौरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच गोल दागे, जिसकी बदौलत उनकी टीम ने ग्रीनपार्क को 8-5 से हराकर खिताब जीत लिया।

वहीं बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। ग्रीनपार्क और सेठ मोतीलाल खेड़िया के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और अंतिम समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा।

मैच खत्म होने से पांच मिनट पहले अनन ने निर्णायक गोल कर ग्रीनपार्क को 14-13 से जीत दिला दी। अनन ने इस मैच में कुल पांच गोल किए।प्रतियोगिता के समापन पर बालक वर्ग में श्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार गोलकीपर कृष्णा को, जबकि बालिका वर्ग में यह सम्मान अनन्या को दिया गया। विजेता टीमों को कानपुर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रजत आदित्य दीक्षित ने पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर जिला हैंडबॉल संघ की सचिव साधना मिश्रा, सह संयुक्त सचिव अनुज सिंह चौहान, मुख्य निर्णायक हरप्रीत सिंह, अरबीया, दीपिका निगम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *