दिनांक: 19/03/2026
महंगाई के विरोध में सपा का काला दिवस
नवरात्र व ईद पर दूध, घी, तेल के अलावा आटा भी महंगा
गरी, छुहारा, खजूर महंगे; 80 रुपये किलो करेला
सब्जियों के दामों में बेतहाशा वृद्धि
पॉलिमर की कीमतें बढ़ जाने से 50 फीसदी उद्योग बंद, हजारों कामगार सड़कों पर
भाजपा सरकार ने अनदेखी बंद न की तो सपा सड़कों पर आंदोलन आरंभ करेगी - हाजी फ़ज़ल महमूद
कानपुर समाजवादी पार्टी महानगर इकाई ने महंगाई के विरोध में विधानसभा क्षेत्रों के 74 वार्डों में हाथों में काला फीता बांधकर ‘काला दिवस’ मनाया। दोपहर 3 बजे नवीन मार्केट स्थित सपा हॉल में सपा तथा पीडीए (PDA) मिशन के कार्यकर्ताओं की एक सभा, महानगर अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई से मुंह मोड़कर विकास का नाटक कर रही है। गैस की कालाबाजारी, दूध, घी और खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों तथा पत्थर के कोयले में मूल्य वृद्धि से ईद और नवरात्र के अवसर पर जनता की जेब काटी जा रही है। इसके कारण पारिवारिक बजट बिगड़ गया है और बच्चों की स्कूली फीस भरना भी भारी पड़ रहा है।
अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद ने अपने संबोधन में कहा कि दूध 80 रुपये प्रति लीटर, करेला 80 रुपये प्रति किलो, भिंडी 70 रुपये प्रति किलो, कद्दू 40 रुपये किलो, लौकी 50 रुपये किलो और नींबू 10 रुपये का एक बिक रहा है। इसी प्रकार परचून का सामान— हल्दी, धनिया, मिर्च, काली मिर्च, जीरा, सौंफ आदि गरम मसालों की कीमतों में भारी वृद्धि से जनता की कमर टूट गई है। लेकिन भाजपा सरकार आंखों पर पट्टी बांधकर जनता को गुमराह कर रही है। स्थिति इतनी भयावह होती जा रही है कि होटल और रेस्टोरेंट गैस के अभाव में बंद हो रहे हैं, जिससे बेरोजगारी बढ़ रही है।
उन्होंने आगे कहा कि पॉलीएथिलीन (HDPE), पॉलीविनाइल क्लोराइड (PVC) और PET जैसे प्रमुख पॉलिमर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। एच.डी.पी.ई. (HDPE) की कीमत जो 1 मार्च को 91 हजार रुपये प्रति टन थी, वह 18 मार्च को 1 लाख 45 हजार रुपये प्रति टन हो गई है। इसकी वजह से पैकेजिंग तथा प्लास्टिक उद्योग से जुड़े लाखों लोग बेरोजगार हो रहे हैं और पचास फीसदी फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं।
अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने महंगाई तथा गैस की कालाबाजारी न रोकी, तो सपा सड़कों पर उतरकर आंदोलनात्मक कदम उठाएगी और प्रथम चरण में 1 अप्रैल को पीडीए मिशन के साथ पदयात्रा आरंभ करेगी।
विरोध दर्ज कराने वालो मे प्रमुख रूप से महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद,वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिन्टू,प्रदेश सचिव के के शुक्ला,महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर,नंदलाल जयसवाल,डा.जमाल अंसारी,सत्यनारायण गहरवार,महेन्द्र सिह, रजत मिश्रा,आनंद शुक्ला,शादाब आलम,दीपक खोटे,शिवकुमार बाल्मिक,वरुण जयसवाल, राजकुमार सागर,मोहतशीम हलीम,जस्वेंद्र निषाद आदि लोग मौजूद रहे।
