आईआरसीटीसी का ‘मैजेस्टिक सदर्न’ हवाई पर्यटन पैकेज, मैसूर से कोयंबटूर तक घूमने का अवसर
कानपुर। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ द्वारा “मैजेस्टिक सदर्न – मैसूर से कोयंबटूर” नाम से विशेष हवाई पर्यटन पैकेज संचालित किया जा रहा है। यह पैकेज 7 रात और 8 दिन का होगा, जिसका संचालन 25 अप्रैल 2026 से 2 मई 2026 तक किया जाएगा। इस पैकेज के अंतर्गत पर्यटकों को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों मैसूर, कूर्ग, ऊटी और कोयंबटूर का भ्रमण कराया जाएगा।
इस यात्रा में यात्रियों को लखनऊ से बेंगलुरु तक तथा वापसी में कोयंबटूर से लखनऊ तक हवाई यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही पूरे भ्रमण के दौरान ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा होटलों में तथा भोजन की समुचित व्यवस्था भी पैकेज में शामिल रहेगी। यात्रा के दौरान बेंगलुरु से मैसूर जाते समय श्रीरंगपट्टन मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। मैसूर में मैसूर महल, वृंदावन गार्डन और चामुंडी मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद कूर्ग में स्वर्ण मंदिर, दुबारे हाथी शिविर, भगमंडला मंदिर, अब्बे फॉल्स और ओंकारेश्वर स्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। कूर्ग से ऊटी जाते समय देवदार के पेड़ों के घने जंगलों का प्राकृतिक दृश्य देखने का अवसर मिलेगा। ऊटी में बोटैनिकल गार्डन, ऊटी झील, गुलाब उद्यान, चाय संग्रहालय और डोड्डाबेट्टा चोटी का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद कोयंबटूर में स्थित प्रसिद्ध आदियोगी शिव प्रतिमा के दर्शन भी कराए जाएंगे।
इस पैकेज का शुल्क एक व्यक्ति के ठहरने पर 71 हजार रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 54 हजार 500 रुपये तथा तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 51 हजार 500 रुपये देना होगा। माता-पिता के साथ ठहरने वाले बच्चों के लिए बिस्तर सहित पैकेज का मूल्य 43 हजार 200 रुपये तथा बिना बिस्तर के 38 हजार 900 रुपये निर्धारित किया गया है।
आईआरसीटीसी के अनुसार इस पर्यटन पैकेज की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। इच्छुक यात्री गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन, लखनऊ में आईआरसीटीसी कार्यालय से या आईआरसीटीसी की पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए यात्री 8287930912, 9236391909 और 8287930902 मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
