सेंट्रल के ईस्ट यार्ड से सिग्नल केबल चोरी करते शातिर को आरपीएफ ने दबोचा
कानपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कानपुर सेंट्रल की टीम ने सतर्कता दिखाते हुए रेलवे की सिग्नल केबल चोरी करने वाले एक युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से करीब 10 मीटर सिग्नल केबल बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ रेल संपत्ति चोरी का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
आरपीएफ प्रयागराज के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक एस.एन. पाटीदार की अगुवाई में टीम कानपुर सेंट्रल स्टेशन के सेक्शन में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सहायक उपनिरीक्षक राजेश सिंह, सी.पी. सिंह और अन्य स्टाफ जब ईस्ट यार्ड में पानी की टंकी के पास स्थित आरएच के पीछे पहुंचे तो उन्हें एक संदिग्ध युवक भारी बोरी लेकर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद आरपीएफ टीम ने बोरी की तलाशी ली, जिसमें छह कोर की करीब 10 मीटर लंबी सिग्नल केबल बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर युवक ने केबल को रेलवे परिसर से चोरी करना स्वीकार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अयान (19) पुत्र इस्माइल, निवासी खपरा मोहाल, थाना रेल बाजार, कानपुर नगर के रूप में हुई है।
आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर पोस्ट पर लाकर रेल संपत्ति की चोरी के मामले में आरपी (यूपी) एक्ट की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
2026-03-24
