*मंडौली के बाद आज फिर कानपुर में ब्राह्मणों पर चला बुलडोजर, गरीब ठेला वालों पर अत्याचार का आरोप*
कानपुर, दिनांक 24 मार्च 2026।
कानपुर में एक बार फिर नगर निगम की कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। परेड से लेकर उर्सला के बीच में ठेला लगाने वाले गरीब लोगों पर बुलडोजर चलाए जाने का मामला सामने आया है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के टी.एस. ने बुलडोजर से कार्रवाई करते हुए एक गरीब महिला ठेला वाली ज्योति दीक्षित का ठेला तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि ज्योति दीक्षित वर्षों से ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। घटना के दौरान उनका ठेला और सामान पूरी तरह तहस-नहस हो गया।
स्थानीय ठेला वालों का आरोप है कि वे सड़क के किनारे ठेला लगाते हैं ताकि यातायात बाधित न हो, इसके बावजूद नगर निगम के कुछ अधिकारी बार-बार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हैं और उन्हें परेशान किया जाता है।
घटना के बाद पीड़ित महिला रोते हुए आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई के पास पहुंची। इस पर विधायक मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कानपुर में गरीब ठेला वालों पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है, जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फेरी नीति का (टी.बी.सी.) का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
सरकार की बनाई हुई नीति है । उसके बिना किसी गरीब ठेले वाले को बेदर्दी से उजाड़ा ना जाए।
विधायक अमिताभ बाजपेई ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गरीबों के साथ इसी तरह का व्यवहार जारी रहा तो वे सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और आंदोलन को मजबूर होंगे।
