*टीबी उन्मूलन के संकल्प के साथ निक्षय वाहन को हरी झंडी*
*विश्व क्षयरोग दिवस पर 25 मरीजों को दी गई निक्षय पोषण पोटली*
*58 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान सम्मानित, 16 निक्षय मित्रों को मिला प्रमाण पत्र*
*हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन से जांच की व्यवस्था, जनभागीदारी से टीबी खत्म करने का आह्वान*
कानपुर नगर।
विश्व क्षयरोग दिवस के अवसर पर सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार से निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में किदवई नगर के विधायक महेश त्रिवेदी, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई तथा घाटमपुर की विधायक सरोज कुरील ने संयुक्त रूप से निक्षय वाहन को रवाना किया। इस दौरान 25 क्षयरोगियों को निक्षय पोषण पोटली वितरित की गई और चिकित्सा शिविर में हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से जांच की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष के विश्व क्षयरोग दिवस की थीम “Yes! We Can End TB – Led by Bharat, Powered by Janbhagidari” पर विशेष जोर दिया गया और जनभागीदारी के माध्यम से टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया गया।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कानपुर मंडल डॉ. जी.के. मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी तथा जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. सुबोध प्रकाश को बधाई प्रेषित की गई। इस अवसर पर टीबी मुक्त घोषित 58 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को महात्मा गांधी की कांस्य एवं रजत प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वर्ष 2025 के दौरान निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत सहयोग देने वाले 16 निक्षय मित्रों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनसे अपील की गई कि वे आगे भी क्षयरोगियों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग देते रहें।
कार्यक्रम में उप जिला क्षयरोग अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन के सलाहकार, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी तथा टीबी चैंपियन रश्मि सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
