कानपुर
लगातार दो स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा
मुठभेड़ में एक घायल सहित दो अभियुक्त गिरफ्तार
दिनांक 21/03/2026 को डायल-112 के माध्यम से एक महिला के साथ मंगलसूत्र स्नैचिंग की सूचना प्राप्त हुई। इसके लगभग एक घंटे के भीतर ही एक अन्य महिला के पर्स की छिनैती की भी सूचना प्राप्त हुई। एक ही क्षेत्र में लगातार दो घटनाएँ होना कमिश्नरेट पुलिस के लिए एक चुनौती थी, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए चुनौती के रूप में स्वीकार किया।घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर संदिग्ध अपराधियों की पहचान की गई और उनकी गिरफ्तारी हेतु टीमें सक्रिय की गईं।दिनांक 24/03/2026 को थाना चकेरी अंतर्गत सनिगवां चौकी क्षेत्र में उक्त अभियुक्तों की मूवमेंट की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा तत्काल नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मुखबिर खास की सूचना पर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर अभियुक्तों द्वारा पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी गई।पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक अभियुक्त मो0 एहतिशाम पुत्र मो0 सरफराज निवासी बाबूपुरवा कानपुर नगर के दाहिने पैर में गोली लगी। दूसरा अभियुक्त रयान पुत्र शमशेर अली निवासी किदवई नगर कानपुर नगर को भी गिरफ्तार किया गया अभियुक्तों के कब्जे से लूटा गया पर्स, कुछ नकदी, तथा मंगलसूत्र का पेंडेंट बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त बाइक, एक अवैध तमंचा एवं दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
घायल अभियुक्त को मानवाधिकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। गिरफ्तार दूसरे अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है।
घटना की पीड़िता, जो इसी क्षेत्र की निवासी हैं, भी इस घटना की जानकारी होने पर मौके पर आ गई जिन्होंने अभियुक्तों की पहचान की पुष्टि की है।प्रकरण में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
