सेंट्रल स्टेशन पर दो अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार, 124 बीयर कैन बरामद
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों के पास से 124 कैन किंगफिशर बीयर बरामद की गई, जिन्हें अवैध रूप से बिहार ले जाया जा रहा था। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार स्टेशन परिसर में अवांछनीय तत्वों की धरपकड़ के लिए आरपीएफ इंस्पेक्टर एन.एन. पाटीदार और जीआरपी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शनिवार को प्लेटफार्म संख्या 10 से आगे हैरिसगंज पुल के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 124 कैन किंगफिशर बीयर बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम हरिश्चंद्र कुमार (18) पुत्र तपेश्वर दास और ब्रजेश कुमार (22) पुत्र राजनंदन रविदास निवासी पटना, बिहार बताए। आरोपितों ने बताया कि वे कानपुर और आसपास के क्षेत्रों से कम कीमत पर शराब खरीदकर ट्रेनों के माध्यम से बिहार ले जाते थे, जहां ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।
विभागीय उच्चाधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के लिए रेलवे को आसान माध्यम के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिशें लगातार सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान कर संयुक्त रूप से निगरानी बढ़ाई गई है।
