गोविन्द नगर में पेट्रोल पंप कर्मियों की गुंडई, ऑनलाइन पेमेंट पर विवाद के बाद कस्टमर से मारपीट
गोविन्द नगर थाना क्षेत्र के रतनलाल नगर स्थित एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर कर्मियों की दबंगई का मामला सामने आया है। यहां एक ग्राहक के साथ मामूली बात को लेकर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने जमकर मारपीट कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राहक ने पेट्रोल भरवाने के बाद ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किया था। भुगतान करने के बाद ग्राहक ने कर्मी से ट्रांजैक्शन कन्फर्म करने को कहा। इसी बात को लेकर पेट्रोल पंप कर्मी भड़क गए और ग्राहक से कहासुनी शुरू हो गई।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पेट्रोल पंप कर्मियों ने ग्राहक को घेरकर उसके साथ मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक ग्राहक को चोटें आ चुकी थीं।घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह कई कर्मचारी एक व्यक्ति के साथ हाथापाई कर रहे हैं।घटना के बाद पीड़ित द्वारा पुलिस से शिकायत किए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप पर इस तरह की घटनाएं ग्राहकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
