कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित खलासी लाइन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बेटी से छेड़खानी का विरोध करना एक 60 वर्षीय लकवाग्रस्त वृद्ध को भारी पड़ गया। आरोप है कि मोहल्ले के युवक साहिल ने अपने परिवार के साथ मिलकर वृद्ध की बेरहमी से हत्या कर दी।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी साहिल लंबे समय से वृद्ध की बेटी के साथ छेड़खानी करता था। शनिवार को इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। रविवार को जब वृद्ध की पत्नी और बेटी शिकायत लेकर थाने गई थीं, उसी दौरान आरोपी अपने भाई, मां और बहन के साथ घर में घुस आए और वृद्ध पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले वृद्ध की पिटाई की और फिर सिर व चेहरे पर कढ़ाई से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर हालत में वृद्ध को परिजन हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने साहिल, उसकी मां राधा, बहन कोमल और भाई करन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अर्चना सिंह (एडीसीपी सेंट्रल) ने बताया कि पहले इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था, जिसे अब हत्या में परिवर्तित किया गया है वही मुख्य आरोपी की हिरासत मे ले लिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *