कानपुर; दिनांकः 31.03.2026

उपलब्धिः कॉरिडोर -1 के ‘डाउनलाइन‘ पर ट्रैक निर्माण कार्य पूरा; आज कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प के बीच ’डाउनलाइन टनल’ में ट्रैक निर्माण संपन्न

 

नौबस्ता तक ’डाउनलाइन’ पर ट्रेन संचालन का मार्ग प्रशस्त

 

*कॉरिडोर-1 का ट्रैक संपूर्णतः बनकर तैयार; ‘अप-लाइन‘ के बाद अब ‘डाउनलाइन‘ पर भी टेस्ट रन शुरू करने की तैयारी*

 

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी – नौबस्ता) के शेष बचे हुए सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – नौबस्ता) के अंतर्गत लगभग 3 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प) के ‘डाउनलाइन टनल’ में ट्रैक निर्माण का कार्य आज पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही अब कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक दोनों ‘अप-लाइन‘ और ‘डाउनलाइन‘ ट्रैक पूरी तरह बनकर तैयार हैं। आने वाले दिनों में ‘अप-लाइन‘ की तरह ही ‘डाउनलाइन‘ पर भी मेट्रो ट्रेन के टेस्ट रन की प्रक्रिया आरंभ की जा सकती है।

 

विदित हो कि कॉरिडोर-1 के लगभग 8 किमी लंबे शेष सेक्शन में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक कुल 7 स्टेशन आते हैं। इनमें से लगभग 3 किमी सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प तक) अंडरग्राउंड और लगभग 5.30 किमी सेक्शन (बारादेवी से नौबस्ता तक) एलिवेटेड है। बारादेवी से नौबस्ता तक एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण कार्य अक्टूबर 2025 में ही पूरा कर लिया गया था। इसके बाद 3 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन के ‘अप-लाइन टनल‘ में ट्रैक निर्माण की प्रक्रिया पूरी की गई। आज उक्त अंडरग्राउंड सेक्शन के ‘डाउनलाइन‘ पर भी ट्रैक निर्माण पूरा कर लिया गया है।

 

ट्रैक निर्माण की प्रक्रिया के अंतर्गत पहले स्वदेशी कॉटन मिल के निकट स्थित रैम्प से रेल पटरियों एवं फ्लैश बट वेल्डिंग प्लांट को टनल में उतारकर वेल्डिंग प्रक्रिया की शुरुआत की गई थी। रेल पटरियों की वेल्डिंग के बाद निश्चित अंतराल पर ट्रैक स्लैब की ढलाई का कार्य पूरा किया गया। ट्रैक निर्माण के समानांतर ही उक्त टनल में थर्ड रेल इंस्टॉल करने की प्रक्रिया भी आगे बढाई जा रही थी, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। थर्ड रेल, सिग्नलिंग सिस्टम आदि के इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा होते ही अगले कुछ दिनों में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ‘डाउनलाइन‘ पर मेट्रो ट्रेन की टेस्ट रन प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी।

 

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प के बीच ‘डाउनलाइन टनल‘ में ट्रैक निर्माण का कार्य पूरा होने के साथ ही अब कॉरिडोर-1 का ट्रैक संपूर्णतः बनकर तैयार हो गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

 

आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक सेवाओं के विस्तार के बाद अब उत्तर प्रदेश मेट्रो की टीम कॉरिडोर-1 को अंतिम स्टेशन नौबस्ता तक पहुंचाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। नौबस्ता तक ‘अप-लाइन’ पर नियमित टेस्ट रन की प्रक्रिया पहले ही आरंभ की जा चुकी है, जल्द ही ‘डाउनलाइन‘ पर भी यह प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। बैलेंस सेक्शन पर सिग्नलिंग, टेलिकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स के इंस्टॉलेशन कार्य भी अंतिम चरण में हैं। मुझे खुशी है कि हमारी टीम और कार्यदायी संस्थाएं अपने लक्ष्य की दिशा में पूरी निष्ठा से जुटी हुई हैं।

 

गौरतलब है कि लगभग 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1

(आईआईटी-नौबस्ता) पर वर्तमान में लगभग 16 किमी (आईआईटी-कानपुर सेंट्रल) तक यात्री सेवाएं संचालित हैं। कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) के ’अप-लाइन’ पर टेस्टिंग प्रक्रिया प्रगति पर है। लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा 8) का सिविल निर्माण कार्य भी तीव्र गति से जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *