कानपुर ब्रेकिंग

बर्रा-2 स्थित राम जानकी मंदिर के पास PNG गैस लाइन में अचानक लीकेज होने से इलाके में हड़कंप मच गया। तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू होते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए मौके पर पानी डालकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई।

 

बताया जा रहा है कि लीकेज के दौरान तेज धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। PNG टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में लगी हुई है और एहतियातन आगे की गैस सप्लाई बंद कर दी गई है।

 

गैस लाइन बंद होने के कारण सैकड़ों घरों में PNG की आपूर्ति ठप हो गई है। पहले से ही सिलेंडर की किल्लत झेल रहे लोगों के लिए यह समस्या और बढ़ गई है, जिससे क्षेत्र के निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल हालात पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और प्रशासन द्वारा लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *