नए बिजली मीटर बने परेशानी की वजह, जनता का फूटा गुस्सा
शहर में पुराने मीटर हटाकर लगाए जा रहे नए बिजली मीटर लोगों के लिए मुश्किल खड़ी कर रहे हैं।
आरोप है कि समय से बिजली बिल नहीं आ रहा, कई बार बिल माइनस में दिख रहा है और बिना सूचना के बिजली कट जा रही है, जिससे क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश है।
समस्या को लेकर लोग केस्को दफ्तर पहुंचे, लेकिन सुनवाई न होने पर नाराज लोगों ने बर्रा विश्व बैंक ई-ब्लॉक स्थित भुईया रानी पार्क इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गुस्साए लोगों ने सरकारी स्कूल में रखे नए मीटर के कमरे पर ताला जड़ दिया और मीटर लेने आई केस्को की गाड़ी को वापस लौटा दिया। आरोप है कि केस्को ने अपनी पहचान छिपाने के लिए गाड़ी से स्टीकर भी हटा दिया।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि नए मीटर हटाकर पुराने मीटर वापस लगाए जाएं, नहीं तो आंदोलन जारी रहेगा। क्षेत्र में केस्को के खिलाफ नारेबाजी और धरना प्रदर्शन जारी है।
