*बीएलओ ड्यूटी के नाम पर मार्च भर अध्यापन नहीं करने वाली सहायक अध्यापक का वेतन रोकने के निर्देश*

 

*सीडीओ के औचक निरीक्षण में सामने आई लापरवाही, स्पष्टीकरण तलब*

 

कानपुर नगर।

 

मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने शनिवार को कम्पोजिट विद्यालय रामकृष्ण नगर तथा चुन्नीगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भौसियां हाता का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, उपस्थिति पंजिका, मिड डे मील व्यवस्था तथा परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया गया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

कम्पोजिट विद्यालय रामकृष्ण नगर के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का परीक्षण किया। पंजिका में सहायक अध्यापक प्रभा सिंह के उपस्थिति कॉलम में बीएलओ ड्यूटी अंकित पाई गई। इसके बाद मार्च माह की उपस्थिति का अवलोकन करने पर यह तथ्य सामने आया कि संबंधित सहायक अध्यापक द्वारा पूरे माह विद्यालय परिसर में अध्यापन कार्य नहीं किया गया। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रभा सिंह, सहायक अध्यापक का अप्रैल 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोका जाए तथा संबंधित से स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि भविष्य में संबंधित का वेतन ईआरओ गोविंद नगर की संस्तुति प्राप्त होने के उपरांत ही आहरित किया जाए।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में मिड डे मील व्यवस्था का जायजा लिया और छात्रों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही कम्पोजिट विद्यालय रामकृष्ण नगर में विद्यार्थियों के बीच माध्यम कॉपी एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए और शिक्षण कार्य नियमित रूप से संचालित किया जाए। साथ ही “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत हाउसहोल्ड सर्वे कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

 

इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय भौसियां हाता, चुन्नीगंज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में जिला पूर्ति विभाग की एक इमारत निर्मित पाई गई, जिसका उपयोग विभाग द्वारा नहीं किया जा रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि समिति गठित कर उक्त भवन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए नियमानुसार नीलामी तथा ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित कराई जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि भौसियां हाता विद्यालय में नामांकित सभी छात्र उपस्थित थे, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना की।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी आवश्यक है। निरीक्षण की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और जहां भी लापरवाही सामने आएगी, वहां संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *