फ्रॉड टिकट की रोकथाम को सेंट्रल पर कार्यशाला का आयोजन
कानपुर। रेलवे में फ्रॉड टिकटों की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने और टिकट चेकिंग स्टाफ को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपयातायात प्रबंधक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यशाला का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार ने किया। कार्यशाला में टिकट चेकिंग स्टाफ को फ्रॉड टिकटों की पहचान, उनसे जुड़े विभिन्न तरीकों और उनसे निपटने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि कई बार कुछ यात्री फर्जी या छेड़छाड़ किए गए टिकटों के माध्यम से यात्रा करने का प्रयास करते हैं, जिससे रेलवे को आर्थिक नुकसान होता है। ऐसे मामलों को रोकने के लिए टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और जानकारी बेहद जरूरी है। कार्यशाला में कर्मचारियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार संदिग्ध टिकटों की पहचान की जाए और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कार्यशाला में टिकट चेकिंग स्टाफ के अलावा सीएमआई के डी मीणा, सीआईटी स्टेशन रोमित चतुर्वेदी तथा सीआईटी रेड भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने कर्मचारियों को टिकट जांच के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ती है और रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी मदद मिलती है। भविष्य में भी टिकट चेकिंग स्टाफ को समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण और कार्यशालाओं के माध्यम से जागरूक किया जाता रहेगा।
