दिनांक 6 अप्रैल
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय महासंपर्क अभियान के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र संयोजक आनंद मिश्रा ने आज भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के आवास पहुंचकर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर प्रेमलता कटियार, जगतवीर सिंह द्रोण, सत्यदेव पचौरी, रवींद्र पाटनी, दिनेश राय एवं दीपू पांडे को शाल ओढ़ाकर तथा भाजपा का ध्वज भेंट कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करते हुए आनंद मिश्रा ने कहा कि भाजपा आज एक विशाल वट वृक्ष के रूप में खड़ी है, जिसके पीछे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं नेताओं का त्याग, समर्पण और संघर्ष रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना उनके योगदान को स्मरण करने का एक छोटा सा प्रयास है।
आनंद मिश्रा ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं के सम्मान का यह अभियान 6 अप्रैल से प्रारंभ होकर 12 अप्रैल तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ नेताओं का भी उनके आवास पर जाकर सम्मान किया जाएगा।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण रहा तथा सभी ने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
