*डीएवी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर बने लेफ्टिनेंट, महाविद्यालय ने किया सम्मान।*
कानपुर महानगर के प्रतिष्ठित डीएवी कॉलेज के लिए गर्व का विषय है कि रक्षा एवं स्ट्रेटेजिक अध्ययन विभाग में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दिवाकर पटेल ने नागपुर स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, में आयोजित तीन माह के कठोर प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लेफ्टिनेंट की रैंक प्राप्त की।
यह प्रशिक्षण एनसीसी अधिकारियों को दक्ष, अनुशासित एवं नेतृत्वक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, जिसमें डॉ. पटेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें ड्रिल, हथियार संचालन, मैप रीडिंग, फील्ड एवं बैटल क्राफ्ट, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास, शारीरिक प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न सैन्य विषयों का गहन अभ्यास कराया गया। साथ ही ग्रुप डिस्कशन, आउटडोर एक्सरसाइज एवं प्रैक्टिकल सत्रों के माध्यम से उनकी निर्णय क्षमता, टीमवर्क और मानसिक दृढ़ता का भी विकास हुआ।
इस उपलब्धि पर डॉ. दिवाकर पटेल ने महाविद्यालय के प्रबन्ध तंत्र एवं प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार दीक्षित का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग एनसीसी कैडेट्स को बेहतर प्रशिक्षण देने तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने में करेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने, डॉ. पटेल के सम्मान में कॉलेज सभागार में अभिनन्दन समारोह आयोजित किया, जिसमें सभी विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर बन्धुओं ने प्रतिभाग सुनिश्चित किया।
डीएवी कॉलेज, जो कि कानपुर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में से एक है, अपने संकाय सदस्यों की इस प्रकार की उपलब्धियों के माध्यम से निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहा है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के यशस्वी एवं कर्मठ प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार दीक्षित जी ने माला पहनाकर अपने सहयोगी शिक्षक को सम्मानित किया।
