अपडेट खबर
सरसौल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र
कानपुर। विकासखंड सरसौल में मंगलवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए भव्य ‘नियुक्ति पत्र वितरण समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सतीश महाना के प्रतिनिधि सुरेंद्र अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्याणपुर, श्रीमती दीपू सिंह चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 4 पदों के सापेक्ष 3 नियुक्तियां तथा सहायिका के 86 पदों के सापेक्ष 83 नियुक्तियां की गई हैं।
कार्यक्रम में भाजपा कानपुर दक्षिण के जिला उपाध्यक्ष विनय मिश्रा ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए नवनियुक्त सहायिकाओं को उनके दायित्वों से अवगत कराया। मुख्य अतिथि प्रतिनिधि सुरेंद्र अवस्थी ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि योग्य अभ्यर्थियों के जुड़ने से योजनाओं का लाभ अब और तेजी से पात्रों तक पहुंचेगा।
प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी सरसौल, श्रीमती मंजू रानी कुशवाहा ने नवनियुक्त सहायिकाओं को योगदान से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी और उनके कार्य व जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया।
इस दौरान 3 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 77 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। सभी नवनियुक्त सहायिकाओं ने कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी सीडीपीओ मंजू रानी कुशवाहा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में सुमित पांडे, विनय प्रताप सिंह, रानू शुक्ल, अजय प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय कर्मचारी, सुपरवाइजर एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
