कानपुर देहात | जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी सौम्या पाण्डेय की अध्यक्षता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को मनाए जाने की तैयारी बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गयी। बैठक में निर्णय लिया गया कि समस्त शासकीय, गैर शासकीय एवं शिक्षण संस्थाओं में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही श्रमदान कर सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के पश्चात समस्त विभागाध्यक्ष, प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक अपने-अपने कार्यालयों में गांधी जी के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण करेंगे तथा उन्हें स्मरण करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया जाये। मुख्य विकास अधिकारी ने नगर पालिका एवं नगर पंचायत से कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान के अंतर्गत मलिन बस्तिओं को चिह्नित करते हुए उसमें सफाई व्यवस्था सुनिश्चत करें।
विद्यालयों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के जीवन पर निबंध प्रतियोगिता कराने के निर्देश भी दिए। वन विभाग द्वारा बताया गया कि एक अक्टूबर से सात अकक्टूबर तक विशेष कर पौधों के संरक्षण एवं पशु, पक्षियों की देख रेख की जायेगी। वहीं जिला क्रीडाधिकारी ने बताया कि दो अक्टूबर को प्रातः 9ः30 बजे ओपेन रेस प्रतियोगिता स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित की जायेगी। वहीं समाज कल्याण अधिकारी द्वारा बताया गया कि छात्रवृत्ति के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व वृद्धा आश्रम में वृद्धजनों को फल वितरण का कार्यक्रम किया जायेगा। इस मौके पर अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी, डीएफओ अनिल कुमार द्विवेदी, डीडीओ गोरखनाथ भट्ट, सीएमएस महिला आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे।

