राजकीय महिला शरणालय का निरीक्षण किया

मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, महिला कल्याण, उ0प्र0, श्रीमती स्वाती सिंह ने आज राजकीय बाल गृह (बालिका), स्वरुप नगर, राजकीय बाल गृह (बालक), कल्याणपुर, राजकीय महिला शरणालय तथा राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), नौबस्ता का औचक निरीक्षण किया।
मा0 राज्य मंत्री, श्रीमती स्वाती सिंह ने आज सर्वप्रथम राजकीय बाल गृह (बालिका), स्वरुप नगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने बालिकाओं से वार्ता करते हुये उनके शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भोजन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि कोविड-19 के कारण जिन बच्चों के माता पिता की मृत्यु हो गयी है तथा जिन ऐसे बच्चों को उनके रिश्तेदार व परिवार के लोग रखने को तैयार नही है, ऐसे अनाथ बच्चों के लिये मा0 मुख्यमंत्री जी के मार्ग निर्देशन में उनकी शिक्षा हेतु चार-चार हजार रुपये दिये जाने की व्यवस्था की गयी है तथा ऐसे बच्चे जो अनाथ है उनके संरक्षण एवं शिक्षा के लिये सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने राजकीय बाल गृह में रह रही बालिकाओं को शिक्षा के साथ उन्हें सिलाई, कढाई का प्रशिक्षण दिलाये जाने के निर्देश दिये।
इसके बाद उन्होंने राजकीय महिला शरणालय का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला शरणालय में महिलाओं के रहने के कक्ष, रसोई घर, शौचालय, कम्यूनिटी हाल का निरीक्षण किया तथा उनको आज दिये जा रहे भोजन में रोटी, कढ़ी चावल आदि की गुणवत्ता को चेक किया। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु मास्क बनाने, सिलाई करने के कार्य को चेक किये जाने के साथ उनको नियमानुसार हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये। तत्पश्चात उन्होंने राजकीय बाल गृह (बालक), कल्याणपुर का निरीक्षण किया निरीक्षण में उन्होंने बालकों से वार्ता करते हुये उनके स्वास्थ्य एवं शिक्षा के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान राजकीय बाल गृह में बच्चों को शिक्षा के साथ योगा व आर्ट की शिक्षा दिये जाने के अन्र्तगत ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन पाया गया जिसमें बच्चों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने राजकीय बाल गृह के बच्चों को प्रतियोगिता के माध्यम से बेहतर माहौल देने का कार्य किये जाने के कार्य को बेहतर प्रयास बताया। बच्चों के भोजन व अन्य सुविधाए प्रदान किये जाने में कमी नही पायी गयी। निरीक्षण में उन्होंने भण्डार कक्ष, रसोई घर, बच्चों का शिक्षण एवं शयन कक्ष आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापिकाओं द्वारा बच्चों को शिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), नौबस्ता का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने संप्रेक्षण गृह में साफ-सफाई की व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान उप निदेशक महिला कल्याण, श्रीमती श्रुति शुक्ला, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अभय सिंह, अधीक्षक राजकीय बाल गृह श्री आर0के0 अवस्थी, श्रीमती सुमन लता सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *