औरैया में गरीब कल्याण योजना के तहत पूर्ति विभाग की ओर से कार्डधारक पात्रों को मार्च माह के पहले फेज में निश्शुल्क राशन के अलावा नमक, चना व खाद्य तेल का वितरण किया जाना है, लेकिन देरी से हो रहे उठान व पर्याप्त राशन सामग्री के बावजूद विक्रेताओं का पात्रों को सुविधा न देना योजना को झटका दे रहा है। हालांकि जिला पूर्ति अधिकारी ने मंगलवार को पूर्ति निरीक्षकों, नेफेड व उचित दर राशन विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए है।
जनपद में 617 उचित दर राशन दुकानों पर दो लाख 68 हजार के करीब राशनकार्ड धारक दर्ज है। 18 मार्च तक माह के पहले फेज का वितरण पूर्ति विभाग की ओर से सुनिश्चित किया जाना है। लेकिन मंगलवार को शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की कई उचित दर राशन दुकानों पर वितरण बंद रहा। विभाग की माने तो सामग्री पर्याप्त मात्रा में दुकानों पर पहुंचाई जा रही है। वितरण न होने को लेकर पूर्ति निरीक्षकों को क्षेत्रीय दुकानों के निरीक्षण के निर्देश है। शासन के निर्देश के तहत सुबह छह से शाम सात बजे तक दुकानों को खोलकर पात्रों को सुविधा देने के निर्देश है। बावजूद बंद दुकानों के शटर विभाग के लिए चुनौती साबित हो रहा है। दूसरी ओर मंगलवार तक जनपद के एक लाख 60 हजार के करीब पात्रों को लाभ देने की कवायद पूरी कर ली गई। विभाग का दावा है कि इस माह से समय रहते प्रचलन में रहने वाले कार्डधारकों को सुविधा मुहैया कराई जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी अधिकारी देवमणि मिश्रा ने बताया कि पूर्ति निरीक्षकों को निरीक्षण के निर्देश दिए गए है। किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए है।
